चीन की राह पर नेपाल, फेसबुक समेत 26 सोशल मीडिया देश में प्रतिबंधित, सरकार ने 7 दिन का दिया अल्टीमेटम

मनोज कुमार त्रिपाठी

काठमांडू ! नेपाल सरकार ने देश में सभी अपंजीकृत सोशल मीडिया साइटों को प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरूंग ने गुरुवार को इस फैसले की घोषणा की।

 

 

यह निर्णय संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में मंत्रालय के अधिकारी, नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण, टेलीकॉम प्रचालक और इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

बैठक के बाद नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण को निर्देश दिया गया कि देश में संचालित सभी अपंजीकृत सोशल मीडिया साइटों को बंद किया जाए।

 

संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 28 अगस्त को नोटिस जारी करते हुए सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। इसमें कहा गया है कि जो भी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अभी तक पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर मंत्रालय में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

गौरतलब है कि यह कार्रवाई उन कंपनियों पर की गई है, जिन्होंने नेपाल सरकार के नियमों के तहत देश में पंजीकरण की प्रक्रिया को पूर्ण नहीं कराया था। सरकारी प्रवक्ता का कहना है कि फर्जी आईडी से जुड़े लोग इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके समाज में नफरत, अफवाहें फैलाने और साइबर अपराधों के लिए कर रहे थे। यानी इसे टूल बनाकर समाज में अशांति और असामाजिक गतिविधियां बढ़ाने में कुछ लोग जुटे हुए हैं। उन पर नकेल कसने के लिए सरकार को मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा।

 

 

कालीचरण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्रमोहन उपाध्याय का कथन भी कुछ इसी तरह है। वो कहते हैं कि समाज को बचाने के लिए कुछ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नकेल कसना जरूरी है। वो कहते हैं कि X पर कुछ लड़के लड़कियों के नाम की प्रोफाइल बनाकर गंदगी फैला रहे हैं। वहीं इंस्टाग्राम पर रील बनाने के चक्कर में समाज काफी नीचे जा रहा है। इसलिए नेपाल सरकार ने इस तरह का कदम उठाया है तो कुछ भी गलत नहीं है।

बताया गया है कि नेपाल के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के प्रवक्ता गजेन्द्र ठाकुर के अनुसार मंत्रालय ने सभी सोशल मीडिया कंपनियों को नेपाल में पंजीकरण कराने की समय-सीमा दी थी। लेकिन उन पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उन लोगों ने इसे गीदड़ भभकी समझा, इसलिए हमें यह कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि नेपाल टेलीकम्युनिकेशन अथॉरिटी को आदेश दिया गया कि वह तुरंत प्रभाव से 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक कर दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!