मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा नेपाल! राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के अध्यक्ष और नेपाल के पूर्व गृहमंत्री रवि लामिछाने मंगलवार को भैरहवा पहुंचे। वह त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय विमान स्थल से होकर भैरहवा पहुंचे। बुद्धा एयरलाइन्स के विमान से मंगलवार दोपहर वह भैरहवा आए।

भैरहवा में पार्टी के कार्यक्रम के तहत लामिछाने ने पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पार्टी के युवा नेता जीत बहादुर गुप्ता (शेखर) ने इसकी जानकारी दी। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी सिद्धार्थनगर के नेता सुमन न्यौपाने के अनुसार, भैरहवा के देवकोटाचोक स्थित मेरीगोल्ड होटल में उनका ठहरने का प्रबंध किया गया है।

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सूत्रों के अनुसार, बुधवार (कल) लामिछाने रुपन्देही जिला अदालत में हाजिर होंगे।

लामिछाने के खिलाफ बुटवल के सुप्रीम सहकारी संस्था के बचत और ऋण से जुड़े आरोपों के मामले में रविवार को रुपंदेही कोर्ट में एक शिकायत दर्ज की गई थी। लामिछाने, छविलाल जोशी, और गब राय समेत कुल 14 अभियुक्तों और 28 सबूतों के आधार पर 42 लोगों के खिलाफ जिला अदालत में मामला दर्ज किया गया था।