भारतीय सीमा से सटे भैरहवा और बुटवल कस्बे में भी लगा कर्फ्यू, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
काठमांडू में 09 प्रदर्शनकारियों की मौत सैकड़ों घायल,बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
मनोज कुमार त्रिपाठी
पोखरा! नेपाल में गेंजी आंदोलन के बढ़ते तनाव और हिंसक घटनाओं के बीच स्थानीय प्रशासन ने पोखरा में कर्फ्यू लागू कर दिया है। प्रमुख जिलाधिकारी रुद्र देवी शर्मा ने यह आदेश जारी किया है, जो सोमवार से प्रभावी रहेगा।
प्रशासन के अनुसार कर्फ्यू शहीद चौक और उसके आसपास के इलाकों में लागू किया गया है। आदेश के दायरे में पूर्व में वाई चौक, पश्चिम में फिस्टेल चौक, उत्तर में भू-राजस्व कार्यालय और दक्षिण में राष्ट्र बैंक चौक तक का क्षेत्र शामिल है। कर्फ्यू के दौरान बिना अनुमति किसी भी तरह की भीड़, सभा या आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
गौरतलब है कि सोमवार को हुए गेंजी आंदोलन के प्रदर्शन के दौरान स्थिति बेकाबू हो गई थी। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय पर तोड़फोड़ की, जिसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
वहीं भारतीय सीमा से सटे नेपाल के रूपंदेही जिले के भैरहवा और बुटवल कस्बे में भी प्रमुख जिलाधिकारी डा. टोकराज पांडेय ने कर्फ्यू का आदेश दे दिया है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को चौकस रहने को कहा गया है।


उधर काठमांडू में पुलिस की गोलीबारी में अब 09 प्रदर्शनकारियों के मरने और 100 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना मिल रही है। मृतकों की संख्या में इजाफा भी हो सकता है।










