सार
बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10 वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। नीतीश के अलावा 25 सदस्यों ने मंत्री पद की शपथ ली। एनडीए की प्रचंड जीत के बाद पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बना। समारोह आज सुबह 11.30 बजे गांधी मैदान में शुरू हुआ। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के सीएम भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
पटना! पटना का गांधी मैदान आज एक बार फिर ऐतिहासिक गवाही देता नजर आया, जब नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10 वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। व्यापक जनसमर्थन, देशभर के नेताओं की उपस्थिति और अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह क्षण बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय फिर जोड़ दिया गया है।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके बाद उप मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
इसके साथ ही एनडीए गठबंधन की नई सरकार ने औपचारिक रूप से कामकाज की शुरुआत कर दी। समारोह में कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें शामिल जमुई से विधायक चुनी गईं श्रेयसी सिंह पहली बार मंत्री बनी हैं।
1. सम्राट चौधरी
2. विजय कुमार सिन्हा
3. विजय चौधरी
4. विजेन्द्र यादव
5. श्रवण कुमार
6. मंगल पांडेय
7. दिलीप जायसवाल
8. अशोक चौधरी
9. लेशी सिंह
10. मदन सहनी
11. नितिन नवीन
12. रामकृपाल यादव
13. संतोष सुमन
14. सुनील कुमार
15. मो जमा खान
16. संजय सिंह टाइगर
17. अरुण शंकर प्रसाद
18. सुरेन्द्र मेहता
19. नारायण प्रसाद
20. रमा निषाद
21. लखेन्द्र कुमार रोशन
22. श्रेयसी सिंह
23. डा प्रमोद कुमार
24. संजय कुमार
25. संजय कुमार सिंह
26. दीपक प्रकाश
गांधी मैदान में सुबह से ही भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। बड़ी संख्या में लोग विभिन्न जिलों से पटना पहुंचे और माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा दिखा। जगह-जगह ‘जय बिहार’, ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ जैसे नारे गूंजते रहे। समर्थकों ने गमछे हवा में लहराकर नेताओं का अभिवादन किया।
बिहार के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री स्वयं उपस्थित रहे। पीएम मोदी की मौजूदगी ने समारोह की गरिमा और राजनीतिक महत्व को कई गुना बढ़ा दिया।
प्रधानमंत्री के अलावा असम, हरियाणा, नागालैंड, मेघालय, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सहित 16 राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक माहौल भी चरम पर रहा। मंच से छठ गीतों और भोजपुरी संगीत ने लोगों को लगातार ऊर्जा दी। मनोज तिवारी और पवन सिंह जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने भीड़ में अलग उत्साह पैदा किया।
कार्यक्रम का संचालन बांकीपुर के विधायक नितिन नवीन ने किया, जिन्होंने पूरे संयम और जोश के साथ मंच गतिविधियों को संभाला।
आज का यह शपथ ग्रहण सिर्फ एक औपचारिक घटना नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक दिशा, नेतृत्व में स्थिरता और भविष्य की नई उम्मीदों का प्रतीक बन गया। जनता की भारी मौजूदगी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि नीतीश कुमार की यह नई पारी राज्य की जनता की अपेक्षाओं के साथ शुरू हो रही है।



