दुर्दात अपराधी नरेश पंडित एनकाउंटर में ढेर

दो करोड़ रुपए लूटने का था आरोपी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

लखनऊ! दो करोड़ रुपए के लूटने का आरोपी नरेश पंडित पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। फिरोजाबाद में उसका एनकाउंटर हुआ है। जानकारी के अनुसार रविवार रात आठ बजे पुलिस ने कुख्यात बदमाश नरेश उर्फ पंकज को गोली मारकर ढेर कर दिया। वह 38 साल का था। मुठभेड़ में संभल ब्रांड वाले एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी बाल-बाल बचे। बदमाश नरेश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। एक गोली अनुज चौधरी के बुलेटप्रूफ जैकेट में धंस गई। थाना रामगढ़ प्रभारी संजीव दुबे गोली लगने से घायल हो गए। करीब 20 मिनट चली मुठभेड़ में नरेश मारा गया। पुलिस ने उसके सीने में गोली मारी है। वह पुलिस कस्टडी में था।

 

 

पुलिस रविवार दोपहर माल बरामदगी के लिए उसे ले जा रही थी, तभी वह चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी। यह मुठभेड़ थाना मक्खनपुर क्षेत्र में हुई है। घायल इंस्पेक्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अलीगढ़ के अरनी का रहने वाले नरेश ने 30 सितंबर को दो करोड़ रुपए की लूट की थी। उस दिन कानपुर से आगरा जा रही जीके कंपनी की कैश वैन को नरेश ने अपने साथियों के साथ मिल कर लूट लिया था। पुलिस ने शनिवार रात इस मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें नरेश भी था। बदमाशों के पास से लगभग एक करोड़ रुपए और दो कारें बरामद की थीं। रविवार दोपहर रामगढ़ थाने के इंस्पेक्टर चमन शर्मा तीन सिपाहियों के साथ आरोपी नरेश को माल बरामदगी के लिए ले जा रहे थे। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के खेड़ा गणेशपुर के पास नरेश ने पेट दर्द का बहाना बनाया। पुलिस ने उसे बाजरे के खेत में हथकड़ी लगाकर बैठाया और सिपाही पानी लेने चले गए। इसी दौरान नरेश खेतों के रास्ते फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी सौरभ दीक्षित ने जिले भर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गईं। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।

 

रात करीब 8 बजे थाना मक्खनपुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने आरोपी नरेश को घेर लिया। खुद को बचाने के लिए नरेश ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी संजीव दुबे को लगी और दूसरी एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी की बुलेट प्रूफ जैकेट में फंस गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली नरेश के सीने में लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यूपी पुलिस ने बीते आठ दिन में नरेश को मिलाकर तीन इनामी अपराधी एनकाउंटर में ढेर किया है। नरेश पंडित के एनकाउंटर के पहले तीन अक्टूबर को मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में एक लाख रुपए के इनामी बदमाश मेहताब को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। 28 सितंबर को मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक लाख के इनामी अपराधी नईम कुरैशी को एनकाउंटर में मार गिराया था, हालांकि यह घटना सितंबर महीने की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!