उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ! बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत की सड़कों पर भूसी से लदे ओवरलोड वाहनों की संख्या में वृद्धि हुई है। जहांगीराबाद से बाराबंकी मार्ग पर प्रतिदिन तेज रफ्तार भूसा और भूसी लदे ट्रक गुजरते हैं। इन ओवरलोड वाहनों के कारण सिंगल रोड पर यातायात बाधित हो रहा है, जिससे बड़े हादसों की आशंका बढ़ गई है।
भारी वाहनों की अधिकता के कारण इस सिंगल रोड पर अक्सर लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इन ट्रकों की तेज रफ्तार और भूसी उड़ने के कारण आसपास के चौराहों और सड़क किनारे लगने वाले बाजारों में भी जाम की स्थिति बन जाती है। छोटे वाहन चालकों को इन ट्रकों से दूरी बनाकर चलना पड़ता है और उड़ती हुई भूसी की धूल का सामना करना पड़ता है।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि भूसी की लोडिंग इतनी अधिक है कि वाहनों की हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) भी दिखाई नहीं देती। एक वाहन (नंबर UP32 6832) सिंगल रोड पर भूसी उड़ाता हुआ जा रहा था, जिससे पीछे आ रहे छोटे-बड़े वाहनों के लिए परेशानी हो रही थी। इस संबंध में पीटीओ (परिवहन प्रवर्तन अधिकारी) रवि त्यागी से जब मीडिया ने बात की तो उन्होंने बताया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहनों को पकड़ा जाएगा।


