मनोज कुमार त्रिपाठी
पाल्पा नेपाल! नेपाल के ऐतिहासिक नगर पाल्पा में स्थित भैरवनाथ मंदिर न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है, बल्कि रहस्यों, मान्यताओं और सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक भी है। करीब 600 वर्षों का पुराना यह मंदिर, एशिया का सबसे बड़ा सोनोल त्रिशूल अपने आभामंडल से श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।

मंदिर की खासियत
इस मंदिर की व्यवस्थापक मीन बहादुर बोहरात के अनुसार, यहां अखंड ज्योति और अखंड धूनी वर्षों से निरंतर जल रही है। मंदिर में भाकल के पूर्व और पश्चात विशेष रूप से चावल और गेहूं की प्रसादी रोड चढ़ाई जाती है, जो यहां की पारंपरिक पूजा-पद्धति का विशेष हिस्सा है।
यह मंदिर नाथ संप्रदाय, विशेषकर गोरखनाथ परंपरा के योगियों द्वारा संचालित होता है, और इसे शक्ति पीठ के रूप में भी जाना जाता है। मुख्य गुफा में स्थित महाकाल भैरव के दर्शन केवल प्रशिक्षित नाथ योगियों को ही संभव हैं। साल में एक बार, मंसेर महीने में, विशेष पूजा विधि में शरीर पूजन की रस्म अति गोपनीय ढंग से पूरी रात संपन्न होती है।

भारत-नेपाल के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक
भारत से आए पत्रकारों से बातचीत में मंदिर के व्यवस्थापक ने बताया कि वार्षिक रूप से करीब 10 लाख श्रद्धालु मंदिर में दर्शन हेतु आते हैं, जिनमें 25% भारतीय तीर्थयात्री गोरखपुर क्षेत्र से होते हैं। इस वर्ष 2025 में पिछले वर्षों की तुलना में भारतीय आगंतुकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
श्रद्धालुओं की भावनाएं
भारत के नौतनवां से आईं एंजल और माही वर्मा जैसी युवतियों ने मंदिर की आध्यात्मिक शांति और मौसम की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि वे पाल्पा में सृजना फार्म होटल में ठहरी थीं और उन्हें यहां की व्यवस्था, आतिथ्य और वातावरण बेहद आत्मीय लगा।

योगी शिक्षार्थियों और मार्गदर्शकों ने बताया कि यह मंदिर न केवल धार्मिक स्थल है, बल्कि यह गूढ़ साधना, रहस्य और तांत्रिक परंपरा का भी केंद्र है, जहां आत्मविद्या की पूजा भी की जाती है, जो आम जनों के लिए गोपनीय रखी जाती है।
संस्कृति, आस्था और रहस्य का त्रिवेणी संगम
पाल्पा का भैरवनाथ मंदिर उन विरले मंदिरों में से है जो आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक रहस्य को समेटे हुए है। यहां न केवल नेपाल बल्कि भारत और अन्य देशों से श्रद्धालु खिंचे चले आते हैं। यह मंदिर एक जीवंत प्रतीक है उस रोटी-बेटी के संबंध का, जो भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक सेतु के रूप में सदियों से विद्यमान है।


