कस्बे में फ्लैग मार्च कर जनता को दिया सुरक्षा का भरोसा
त्योहार खुशियों और सद्भाव का प्रतीक है सभी लोग मिल-जुलकर मनाएं – शैलेन्द्र कुमार शुक्ला थानाध्यक्ष बरगदवा महराजगंज
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जिले के बरगदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगदवा बाजार में आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएससी) ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने किया।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर गल्ला मंडी, तिराहा, मेन रोड और कॉलेज रोड सहित प्रमुख मार्गों से गुजरा। सुरक्षा बलों की मौजूदगी से आम नागरिकों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
इस दौरान पुलिस और एसएसबी के जवानों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, शांति व्यवस्था कायम रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि त्योहार खुशियों और सद्भाव का प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर इन्हें मनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए दोनों पर्व पारंपरिक भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प जताया।