नौतनवां में बिजली संकट, लो-वोल्टेज और फॉल्ट को लेकर भाजपा नेता जीतेन्द्र जायसवाल ने अधीक्षण अभियंता को सौंपा मांग पत्र

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां कस्बे में भीषण गर्मी के बीच बिजली की समस्या से लोग परेशान हैं। भाजपा नेता जीतेंद्र जायसवाल ने इस मुद्दे को लेकर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को एक मांग पत्र सौंपा है।

क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या गंभीर है। इससे घरों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बिजली फॉल्ट होने पर उसे ठीक करने में घंटों लग जाते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि शिड्डाउन नहीं मिल पाता है।

 

समस्या का एक बड़ा कारण तीन प्राइवेट लाइनमैनों का स्थानांतरण है। पहले ये लाइनमैन नौतनवां टाउन में कार्यरत थे। अब इनके स्थानांतरण के बाद ट्रांसफार्मर से जुड़े फॉल्ट को ठीक करने में विशेष दिक्कत आ रही है।

मांग पत्र में कहा गया है कि विद्युत अधिकारी, कर्मचारी और लाइनमैन को निर्देश दिया जाए कि वे उपभोक्ताओं के फोन उठाएं। साथ ही समस्याओं का तत्काल समाधान करें। स्थानांतरित किए गए लाइनमैनों को वापस नौतनवां कस्बे में तैनात किया जाए। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!