उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज के फरेंदा में आनंदनगर नई रेल लाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है।
बुधवार को आनंदनगर रेलवे स्टेशन के समीप सिधवारी ग्राम सभा में रेलवे अधिकारियों ने भूमि के पैमाइश का कार्य शुरू किया। यह कार्रवाई घुघली-महराजगंज-आनंद नगर तक 52 किलोमीटर लंबी परियोजना के निर्माण को गति देने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि कार्य शीघ्र आरंभ हो सके।
रेलवे टीम ने सिधवारी ग्राम सभा के 16 भूखंडों में कुल 1.36 हेक्टेयर भूमि का सत्यापन किया। फरेंदा तहसील के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में आनंदनगर स्टेशन से सटे खेतों की पैमाइश राजस्व विभाग के सहयोग से पूरी की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि मुआवजा शीघ्र वितरित किया जाएगा, जिससे किसानों में उत्साह देखा जा रहा है।
घुघली से आनंदनगर होते हुए महराजगंज तक बिछाई जाने वाली इस नई रेल लाइन परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा।
पहले चरण में 24.78 किलोमीटर और दूसरे चरण में 26.52 किलोमीटर ट्रैक बिछाया जाएगा। 958 करोड़ रुपये की इस योजना में 7 नए स्टेशन, 32 अंडरपास और 24 पुल प्रस्तावित हैं। जलजमाव की समस्या से बचने के लिए ट्रैक को सड़क से साढ़े पांच मीटर ऊंचा बनाया जाएगा।

सिधवारी सहित सेमराडांड़ी, मथुरा नगर और देउरवा जैसे कई गांवों में भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में है। जुलाई तक कुल 183 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है, जबकि शेष भूमि के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी किया गया है। परियोजना के लिए निर्धारित 6.66 अरब रुपये के मुआवजे में से अब तक 4.50 अरब रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
इस नई रेल लाइन से महराजगंज जिला मुख्यालय को रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे लगभग दस लाख आबादी को सीधा लाभ होगा। परियोजना से कुल 53 गांव प्रभावित होंगे, हालांकि प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण से यातायात सुगम बना रहेगा। शुरुआत में ग्रामीण कुछ चिंतित थे, लेकिन भूमि पैमाइश की प्रक्रिया शुरू होने से उनमें परियोजना को लेकर विश्वास बढ़ा है।


