उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ! पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल दागकर उन्हें तबाह कर दिया है। इस ऑपरेशन में 70 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की खबर है। भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
डीजीपी प्रशांत कुमार ने यूपी पुलिस की सभी यूनिटों को डिफेंस यूनिट्स के साथ समन्वय बनाकर अहम ठिकानों की सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिया है। साथ ही कहा है कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए तैयार है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए डीजीपी ने लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत भारतीय सेना द्वारा आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। यूपी पुलिस की सभी फील्ड इकाइयों को रक्षा बलों से समन्वय स्थापित करने एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। यूपी पुलिस सतर्क है, संसाधनों से लैस है, और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
बता दें कि मंगलवार देर रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया है। जिसके बाद से ही जम्मू और कश्मीर के पास लाइन ऑफ कंट्रोल पर पाकिस्तान की तरफ से भारी गोलाबारी की जा रही है, जिसका मुंहतोड़ जवाब भारतीय सेना की तरफ से दिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि भारत की तरफ से जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान सेना के कई सैनिक भी मारे गए हैं।