नौतनवां क्षेत्र का वीडियो वायरल, यातायात नियमों की खुलेआम उड़ाई गई धज्जियां
महराजगंज ब्रेकिंग
दिलीप त्रिपाठी
महराजगंज जनपद में युवाओं के बीच रील बनाने का खुमार खतरनाक रूप लेता नजर आ रहा है। मामला नौतनवां थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक बाइक पर सवार तीन युवक बिना हेलमेट सड़कों पर घूमते और स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवकों ने यातायात नियमों की जमकर अनदेखी की। न तो हेलमेट पहना गया और न ही सुरक्षा का कोई ध्यान रखा गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर रील बनाने के उद्देश्य से शूट किया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने ऐसी लापरवाही पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी है और युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
यातायात नियमों की अनदेखी कर इस तरह का प्रदर्शन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि कभी भी गंभीर हादसे को न्योता दे सकता है।