भ्रष्टाचार के खिलाफ हुंकार, संगठन विस्तार का संकल्प

तिलोत्तमा में राप्रपा का तीसरा नगर अधिवेशन सम्पन्न

मनोज कुमार त्रिपाठी

रूपन्देही! राष्ट्रीयता, प्रजातंत्र और उदारवाद के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए “भ्रष्टाचार करके खाना- मां का खून पीने के समान है” जैसे तीखे संदेश के साथ राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) का तीसरा नगर अधिवेशन तिलोत्तमा नगरपालिका में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ।

 

YouTube player

 

यह अधिवेशन मिति 2082/09/04 गते को तिलोत्तमा नगरपालिका–8, चार नम्बर, रूपन्देही में सुबह 10:00 बजे से आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के नेता, कार्यकर्ता, युवाओं और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

अधिवेशन के दौरान वक्ताओं ने देश में बढ़ते भ्रष्टाचार, विकृति और राजनीतिक विसंगतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राप्रपा ही राष्ट्र, लोकतंत्र और नैतिक मूल्यों की रक्षा कर सकती है। कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर युवा नेता प्रज्वल बोहरा की सक्रिय सहभागिता को भी सराहा गया।

अधिवेशन के बाद पत्रकारों से बातचीत में नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष चेतनारायण कंडेल ने कहा, “मैं राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के माध्यम से रूपन्देही जिले की तिलोत्तमा नगरपालिका को आगे बढ़ाने का कार्य करूंगा। पार्टी की सदस्यता बढ़ाकर संगठन को मजबूत बनाना मेरी पहली प्राथमिकता है।”

 

 

उन्होंने आगे कहा कि देश में फैली विकृति के खिलाफ तिलोत्तमा के सम्पूर्ण नगरवासी पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और केंद्रीय पार्टी के निर्णयों के अनुरूप अनुशासित ढंग से कार्य किया जाएगा।

नगर अधिवेशन के दौरान दिखी राजनीतिक गहमागहमी पर प्रतिक्रिया देते हुए चेतनारायण कंडेल ने कहा, “लोकतान्त्रिक पार्टी में प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है। कई नेताओं की सक्रियता यह दर्शाती है कि पार्टी जीवित और मजबूत है। अंततः सभी ने एकजुट होकर मुझे समर्थन दिया, इसके लिए मैं सभी का आभारी हूं।”

अंत में अधिवेशन ने संगठन सुदृढ़ीकरण, भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष और तिलोत्तमा नगरपालिका में राप्रपा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!