सोनौली सीमा पर पुलिस का पैदल गश्त बढ़ाई गई सुरक्षा 

आम जनता से सीधा संवाद कर सुनीं समस्याएं

नियमों के विपरीत चल रही 10 वाहनों का चालान

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महाराजगंज जिले की भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। शनिवार की देर रात तक नौतनवां सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम के नेतृत्व में सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र, सोनौली चौकी प्रभारी गौरव यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल ने सीमा क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

पुलिस टीम ने सीमा क्षेत्र, बाजार, मुख्य मार्गों और पगडंडी रास्तों पर विशेष निगरानी रखी। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से बातचीत कर अपील की कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि कहीं से भी अवैध घुसपैठ न हो सके।

इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, बिना कागजात और नियमों के विपरीत चल रहे कुल 10 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 15,500 रुपये का चालान किया भी किया गया। 

पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी और भविष्य में लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी।

                     

                     

क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने मीडिया को बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता में विश्वास कायम करना भी है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है और नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। 

थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने भी लोगों से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और अफवाहों से बचें।

स्थानीय लोगों ने पुलिस द्वारा किए गए इस संवाद और चेकिंग अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!