महराजगंज पुलिस लाइन का एसपी ने किया औचक निरीक्षण

परेड की सलामी ली और मेस के खाने की जांची गुणवत्ता

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने आज रिजर्व पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण किया। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले तीन घंटे के अभियान में एसपी ने न केवल परेड की सलामी ली, बल्कि पुलिस विभाग के हर छोटे-बड़े कार्यालय की बारीकियों को भी परखा।

 

 

साप्ताहिक परेड के दौरान 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। इसमें रिक्रूट आरक्षी, कांस्टेबल और उप-निरीक्षक शामिल रहे।

एसपी मीना ने ड्रिल और फिटनेस की समीक्षा करते हुए कहा कि अनुशासन और जनसेवा पुलिस विभाग का मूलमंत्र है। विशेषकर नेपाल से सटे सीमावर्ती इलाकों में हमारी सतर्कता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।

एसपी ने जनरल डायरी (GD) और गणना कार्यालय में रिकॉर्ड्स के रखरखाव की जांच की। उन्होंने CCTNS सिस्टम पर डिजिटल एंट्री की अद्यतन स्थिति देखी और स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिलेखों के रख-रखाव में किसी भी तरह का विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही साइबर हेल्प डेस्क और महिला हेल्प डेस्क के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

 

 

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस लाइन के भीतर विभिन्न शाखाओं का दौरा किया शस्त्रागार में हथियारों की गिनती और उनकी कार्यक्षमता की जांच की गई।
भोजन की गुणवत्ता को चखा और स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।

पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था और वर्दी वितरण रजिस्टर का आकलन किया।
एमटी शाखा व क्वार्टर गार्ड वाहनों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने नए रिक्रूट आरक्षियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनके प्रशिक्षण अनुभव, चुनौतियों और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली और उन्हें बेहतर पुलिसिंग के गुर सिखाए।

इस अवसर पर एसओ अखिलेश कुमार वर्मा, एसएसआई शैलेंद्र कुमार, एसआई प्रधान यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों को साप्ताहिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!