केनफाउन्ट एकेडमी में इंटरनेट सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता पर कार्यक्रम
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जिले के कोल्हुई क्षेत्र में स्थिति केनफाउन्ट एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल रुद्रपुर शिवनाथ में आज एसएसबी 66 वीं वाहिनी के कमांडेंट जगदीश धाबाई के मुख्य आतिथ्य में साइबर अपराध एवं डिजिटल अरेस्ट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, सोशल मीडिया पर सतर्कता, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा डिजिटल जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना था।
कमांडेंट धाबाई ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किसी की निजी जानकारी साझा करना, झूठे अकाउंट बनाना या गलत सूचना प्रसारित करना कानूनन साइबर अपराध की श्रेणी में आता है।
उन्होंने डिजिटल अरेस्ट की अवधारणा समझाते हुए बताया कि कैसे कुछ साइबर ठग सरकारी अधिकारी या पुलिसकर्मी बनकर लोगों को धमकाते हैं और उनसे धन की उगाही करते हैं। उन्होंने छात्रों को ऐसे फर्जी कॉल्स और संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साह पूर्वक प्रश्न पूछे जिनका उत्तर कमांडेंट धाबाई ने सरल भाषा और उदाहरणों के साथ दिया।
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री
प्रिया पी.एन. ने एसएसबी अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों में डिजिटल सुरक्षा और जिम्मेदारी की समझ विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।