नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विंदुओं पर की विस्तृत चर्चा
भारत-नेपाल सुरक्षा समन्वय पर बनी सहमति
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज ! सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय सिंघल ने शुक्रवार को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त समन्वय बैठक कर सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
एसएसबी चेक पोस्ट पर आयोजित बैठक में दोनों देशों की एजेंसियों ने सीमा पार होने वाली घुसपैठ, मानव तस्करी तथा मादक पदार्थों व अन्य सामग्रियों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आपसी तालमेल को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
महानिदेशक श्री सिंगल ने सीमा सुरक्षा में पारस्परिक सहयोग को अनिवार्य बताते हुए संयुक्त कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
बैठक के उपरांत महानिदेशक ने नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में लगभग 500 मीटर की पैदल दूरी तय कर खुली सीमा का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों से सुरक्षा संबंधी चुनौतियों व उनकी समस्याओं पर भी संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान सीमा पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई। इसके साथ ही उन्होंने सोनौली कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट (आईसीपी) का भी निरीक्षण कर प्रगति का मूल्यांकन किया।
दौरे के दौरान नेपाल के रूपंदेही जिले के एसपी तथा नेपाल आर्म पुलिस व नेपाली सेना के अधिकारियों ने बुके भेंट कर महानिदेशक का स्वागत किया।
कार्यक्रम में एसएसबी के उच्चाधिकारियों में रतन संजय, महानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय लखनऊ, मुन्ना सिंह उप महानिरीक्षक सेक्टर गोरखपुर,संजय शेरखानी उप महानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय लखनऊ शक्ति सिंह ठाकुर कमांडेंट 22 वीं वाहिनी, जगदीश धाबाई कमांडेंट 66 वीं वाहिनी, उज्जवल दत्ता कमांडेंट 43 वीं वाहिनी, संजय कुमार कमांडेंट 50 वीं वाहिनी कस्टम अधीक्षक संजय मिश्रा इमीग्रेशन से सुधीर कुमार पासवान (AFFRO), पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नेपाल की तरफ से दीपेंद्र कुंवर उप-महानिरीक्षक एपीएफ नेपाल, नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल 27 वाहिनी के एसपी नवराज बोहरा और रूपंदेही जिले के पुलिस अधीक्षक जनक बहादुर शाही मौजूद रहे।