सोनौली में आरटीओ का अचानक छापा 

नियम का उल्लंघन करने पर पांच वाहनों पर लगाया 80 हजार रुपए जुर्माना

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

सोनौली महराजगंज! महराजगंज जिले की भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली में परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। आरटीओ मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों पर सख्त कदम उठाए गए।

अभियान के दौरान कुल पांच वाहनों की जांच की गई, जिनमें कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में परमिट, फिटनेस, टैक्स और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई। नियमों का उल्लंघन करने पर परिवहन विभाग की टीम ने संबंधित वाहन स्वामियों पर कुल ₹80,000 का जुर्माना लगाया।

आरटीओ ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस कार्रवाई के दौरान सोनौली बस डिपो के एआरएम संजय कुमार प्रेमी सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। 

आरटीओ ने संयुक्त रूप से वाहनों की गहन जांच की और चालक-परिचालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी।

आरटीओ मनोज कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र होने के नाते सोनौली में वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। ऐसे में परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। 

उन्होंने कहा कि अवैध और नियम विरुद्ध चलने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें और बिना वैध कागजात के वाहन का संचालन न करें। इस अभियान के बाद क्षेत्र में सतर्कता का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!