अहिल्याबाई होल्कर की भव्य रूप से मनाई गई 300 वीं जयंती 

नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में संगोष्ठी संपन्न

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां, महराजगंज! लोक माता पूज्य देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती आज नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ब्लाक के सभागार में बड़े ही धूमधाम से मनाई गई।

बता दें कि नौतनवां विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्लाक लक्ष्मीपुर के सभागार में आज लोक माता देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300 वीं जयंती भारतीय जनता पार्टी भव्य उत्सव के रूप में मना रही है।

इसी क्रम में आज नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर विकासखंड के सभागार में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने की।

विधायक नौतनवां ऋषि त्रिपाठी द्वारा संगोष्ठी की शुरुआत लक्ष्मीपुर चौराहे से हुई, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. सिंह और विधायक ऋषि त्रिपाठी का फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जोरदार जयघोष के साथ स्वागत किया गया। 

इसके उपरांत सभागार में दीप प्रज्वलन और वंदना गान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। मंच पर मुख्य अतिथि व विधायक को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि लोक माता अहिल्याबाई होल्कर ने नारी उत्थान, न्यायप्रिय शासन, धर्म स्थलों के निर्माण और समाज सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय कार्य किया। उनके जीवन से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए और समाज सेवा व कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लेना चाहिए।

वहीं विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम अहिल्याबाई होल्कर जैसी लोकदेवी की 300 वीं जयंती को उत्सव के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन महिलाओं के सशक्तिकरण और जनकल्याण के लिए समर्पित था।

कार्यक्रम का संचालन चंद्र प्रकाश मिश्रा और भाजपा के जिला महामंत्री प्रदीप सिंह ने संयुक्त रूप से किया। संगोष्ठी में प्रमुख रूप से नौतनवां ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, नगर पालिका नौतनवां के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, भाजपा नेता प्रदीप सिंह, हरिकेश पाठक, प्रदीप पांडे, रामसेवक जायसवाल, राजेश यादव, रवि वर्मा, संतोष पांडे समेत बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!