पराली जलाने पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, 24 किसानों पर जुर्माना, दो कंबाइन मशीनें सीज

पर्यावरण संरक्षण को लेकर सख्ती जारी रहेगी – जिलाधिकारी

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

महराजगंज! महराजगंज जिले में पराली जलाने पर रोक के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।

फरेंदा तहसील क्षेत्र में शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 किसानों पर जुर्माना लगाया गया, वहीं बिना सूचना के चल रही दो कंबाइन मशीनों को सीज कर लिया गया है। जिले में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में फरेंदा तहसील क्षेत्र में पराली जलाने की शिकायतें प्राप्त होने पर प्रशासनिक टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में बात सही पाए जाने पर 24 किसानों के विरुद्ध जुर्माना लगाते हुए उन्हें शांति भंग की धारा में पाबंद किया गया है। नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल ने कार्रवाई के दौरान बिना एसएमएस सूचना के पराली कटाई में लगी दो कंबाइन मशीनों को भी सीज किया। पहली मशीन डड़वार बुजुर्ग गांव में अनिल सहानी की और दूसरी मशीन पिपरा विशंम्भरपुर गांव में उमेश गुप्ता की बताई गई है। दोनों मशीनों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और शासन के निर्देशों के तहत जब्त कर राजस्व अभिरक्षा में रखा गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पराली जलाने से हवा की गुणवत्ता प्रभावित होती है और इससे स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे पराली जलाने से बचें और हैप्पी सीडर, रोटावेटर सहित पराली प्रबंधन की वैकल्पिक तकनीकों का अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र गौतम ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!