उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा किसी परिवार, जाति या व्यक्तिपरक राजनीति पर नहीं, बल्कि विचारधारा, संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं के समर्पण पर आधारित दल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार के समन्वय से विकास की रफ्तार और तेज की जाएगी।
महराजगंज में सोमवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली अंत्योदय के संकल्प, सुशासन की प्रतिबद्धता और ‘डबल इंजन’ सरकार की गति पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल मंत्र है सबका साथ, सबका विकास, और यह केवल नारा नहीं, बल्कि शासन का आधार है।
राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो जनसंख्या के आधार पर दुनिया के बड़े देशों के समकक्ष है। उन्होंने इसे अपने लिए गौरव और जिम्मेदारी दोनों बताया।
टिकट वितरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी एक व्यक्ति का निर्णय नहीं चलता। संगठनात्मक प्रक्रिया, बैठकों और व्यापक विचार-विमर्श के बाद ही उम्मीदवारों का चयन होता है।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, जहां कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए चौधरी ने कहा कि परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति करने वाले दल सामाजिक न्याय की वास्तविक बात नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि पूर्व में विपक्षी दलों ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा, लेकिन जनता ने उनके प्रयोग को नकार दिया। जनता का भरोसा भाजपा और एनडीए पर है।
सरकार और संगठन के संबंधों पर उन्होंने कहा, “सरकार और संगठन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। संगठन जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाता है और सरकार की योजनाएं संगठन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। हमारा एजेंडा केवल विकास है।”
बजट और विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने अंत्योदय (अंतिम पंक्ति के व्यक्ति) को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई हैं। आधारभूत ढांचे के विस्तार, गरीब कल्याण, आर्थिक सुदृढ़ीकरण और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा इसका प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में प्रस्तुत बजट स्पष्ट रोड मैप देता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की दृढ़ इच्छा-शक्ति ही देश को नई दिशा दे रही है। भारत को विश्व में अग्रणी स्थान पर स्थापित करने का संकल्प इसी निरंतरता का हिस्सा है।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में स्थिति पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ और भरोसेमंद हुई है, जिसका सकारात्मक असर निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों पर दिखाई दे रहा है।
महराजगंज की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चौधरी ने कहा कि एक छोटे कार्यकर्ता से लेकर आज तक की उनकी राजनीतिक यात्रा जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 1991 से 2026 तक क्षेत्र में हुए विकासात्मक परिवर्तन भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।