गौ सदन की स्थिति चिंताजनक,पूरे परिसर में भरा है पानी
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज के निचलौल तहसील क्षेत्र के मदनपुरा स्थित गौ सदन की स्थिति चिंताजनक पाई गई। गुरुवार सुबह 10 बजे गौ रक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गौ सदन का निरीक्षण किया। वहां एक गाय का जीर्ण-शीर्ण शव पड़ा हुआ था। जिसे कौवे नोच-नोच कर खा रहे थे।
गौ सदन में दो गायें मरणासन्न अवस्था में मिलीं। इनका कोई इलाज नहीं हो रहा था। परिसर में घुटने तक पानी भरा था। बाड़े में चारा सड़ा हुआ था और गोबर फैला हुआ था। कार्यकर्ताओं को परिसर में गायों के कंकाल भी मिले।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गौ सेवा के लिए नियुक्त कर्मियों ने चारे और अन्य सामग्रियों का निजी इस्तेमाल किया है। मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित सिंह और बीडीओ मिठौरा राहुल सागर मौके पर पहुंचे।
बजरंग दल से शत्रुध्न कसौधन, आलोक तिवारी और गोरक्ष प्रांत अध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अधिकारियों ने जांच कर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही बीमार गायों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने की बात कही।










