उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज!नौतनवां तहसील के सभागार में आज प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का स्वामित्व कार्ड कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों को उक्त कार्यक्रम को दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लगभग 45 किसानों को स्वामित्व कार्ड प्रदान किए गए।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी थे, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि के रूप में नौतनवां नगर के चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे।
लाइव प्रसारण के माध्यम से किसानों को स्वामित्व कार्ड की विशेषताओं और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। यह बताया गया कि स्वामित्व कार्ड न केवल संपत्ति के मालिकाना हक को प्रमाणित करेगा, बल्कि गांव के समग्र विकास का एक मजबूत आधार भी बनेगा।
कार्यक्रम में तहसीलदार कर्ण सिंह नायक, नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव, सीमावर्ती क्षेत्र के प्रधान, और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। इस आयोजन ने क्षेत्र में स्वामित्व योजना के महत्व को रेखांकित किया और ग्रामीण विकास की दिशा में एक नई उम्मीद जगाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन कुमार ने की।