नवोदय विद्यालय में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया भोजन

छात्रों की मांग पर वाटर कूलर लगाने के दिए निर्देश 

नवोदय विद्यालय में पढ़ने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात – जिलाधिकारी 

शिक्षित वह शक्ति है जिसमें किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की होती है क्षमता – पुलिस अधीक्षक 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज के धनेवा-धनेई में स्थित नवोदय विद्यालय में छात्रों के लिए आज का दिन यादगार रहा। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने अचानक विद्यालय का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया।

यह दौरा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा के केंद्रों के निरीक्षण के बाद हुआ। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर, हॉस्टल, मेस और रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की और छात्रों से सीधे बातचीत भी की।

भोजन के दौरान अधिकारियों ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। छात्रों ने आत्मविश्वास से लबरेज अपने लक्ष्य बताए। कुछ बच्चे आईएएस बनना चाहते हैं तो कुछ डॉक्टर, इंजीनियर या खिलाड़ी बनने की इच्छा रखते हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा, नवोदय विद्यालय भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में से एक है। यहां पढ़ने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। आप सभी छात्र इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और समर्पण भाव से अध्ययन करें।

पुलिस अधीक्षक मीणा ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की क्षमता देती है। नवोदय के छात्र अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर यहां पहुंचे हैं और इसी निरंतर प्रयास से सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।

इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य आरके राय ने बच्चों के लिए एक वाटर कूलर की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने तत्काल विद्यालय में वाटर कूलर लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह काम आज ही पूरा किया जाए। उन्होंने विद्यालय प्रशासन से यह भी कहा कि अगर बच्चों के हित में कोई अन्य जरूरत हो, तो जिला प्रशासन पूरी तत्परता से सहायता करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!