उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! नौतनवां तहसील क्षेत्र के बहुद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति जारा में आज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खाद वितरण का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ कृषि विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बता दें कि जिला प्रशासन को खाद वितरण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जिलाधिकारी ने नौतनवां तहसील क्षेत्र के बहुद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति जारा ग्राम पंचायत का दौरा किया। उन्होंने वहां खाद वितरण की जमीनी हकीकत जानी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से खाद खरीद के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि खाद वितरण में अगर किसी भी सहकारी समिति द्वारा लापरवाही बरती जाएगी, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि किसानों को समय पर और उचित मात्रा में खाद मिल रही है या नहीं। प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।







