जहां स्वर्गीय दीपक बोहरा ने बोया भरोसा, वहीं से बेटे ने थामा सेवा का संकल्प
पिता की कर्मभूमि से बेटे का संकल्प: युवा नेता प्रज्वल बोहरा का बड़ा संदेश
मनोज कुमार त्रिपाठी
भारतीय सीमा से सटे नेपाल के रूपंदेही जिले के क्षेत्र नंबर एक से आगामी संसदीय चुनाव में राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने पर उम्मीदवार युवा नेता प्रज्वल बोहरा ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए केवल एक टिकट नहीं, बल्कि जनसेवा का पवित्र दायित्व है।
प्रत्याशी प्रज्वल बोहरा ने राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के जिला स्तर से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें इस योग्य समझा, यही उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।

उन्होंने भावुक स्वर में क्षेत्र नंबर एक से अपने गहरे पारिवारिक और भावनात्मक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र उनके स्वर्गीय पिता श्री दीपक बोहरा जी के लिए केवल एक निर्वाचन क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि था। दीपक बोहरा जी का जनता के साथ आत्मीय रिश्ता, उनका समर्पण और वर्षों की सेवा आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।
प्रज्वल बोहरा ने कहा,
“जिस विश्वास, प्रेम और सद्भाव के साथ मेरे पिता ने इस क्षेत्र की जनता का दिल जीता, उसी मार्ग पर चलते हुए मैं भी ईमानदारी, सेवा और समर्पण के साथ जनता का भरोसा जीतने का हरसंभव प्रयास करूंगा।”

उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र नंबर एक की जागरूक जनता उनके संकल्प, पारदर्शिता और विकास के दृष्टिकोण को समझेगी और उन्हें अपना आशीर्वाद देगी।

यह बयान न केवल एक चुनावी घोषणा है, बल्कि जनता से किया गया एक वचन है—कि क्षेत्र नंबर एक की आवाज को संसद तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
दोनों भाइयों को एक साथ मंच पर देखकर रूपंदेही की जनता भाव-विभोर नजर आई।
