उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज आनन्द नगर! पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम उदय बोरवणकर शुक्रवार को गोरखपुर-नौतनवां रूट के आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। स्टेशन पर निर्माण कार्यों का जायजा लेने के बाद उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिया। इस दौरान जिला अपराध निरोधक कमेटी सहित कई संगठनों के लोगों ने जन सुविधाओं को लेकर महाप्रबंधक को पत्रक देकर कार्रवाई की मांग की। इस रूट पर ट्रेनों को बढ़ाने व प्लेटफार्म निर्माण सहित कई मांगों को जीएम के सामने रखा।
बता दें की आज गोरखपुर से स्पेशल ट्रेन से पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आनंदनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने रेलवे स्टेशन पर हो रहे निर्माण कार्य के मानचित्र को देखा स्टेशन के निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग से विस्तार पूर्वक सभी निर्माण कार्यों पर चर्चा करते हुए पोर्च, एंट्री सड़क तक जाकर ग्रीन पार्क एवं यार्ड निर्माण की जानकारी ली। कई बिंदुओं पर इंजीनियरिंग विभाग के तकनीकी एवं सिविल अधिकारियों को और बेहतर करने के लिए निर्देशित किया।
महाप्रबंधक ने परिसर में सफाई व्यवस्था को भी देखा। इसके साथ ही उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल पुलिस चौकी, वाणिज्य कक्ष एवं स्टेशन अधीक्षक कक्ष का भी निरीक्षण कर जरूरी सुधार के लिए कहा।
इस दौरान जिला अपराध निरोधक समिति महराजगंज व रेल परामर्श दात्री समिति के सदस्य सुधेश मोहन श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार पांडेय, विनय कुमार श्रीवास्तव, रमेश चंद्र श्रीवास्तव के अलावा पूर्व सभासद रवि पासवान, सभासद मनोज जायसवाल, गौरीशंकर यादव, मोनू पांडेय, ऋषि चौरसिया तथा स्टेशन सलाहकार समिति के जयंती प्रसाद मौर्य ने जीएम को ज्ञापन देकर जनसुविधाओं को बढ़ाने की मांग की।
इस दौरान जीएम से आनंदनगर रेलवे स्टेशन के पश्चिम छह नंबर रेल लाइन के बाद प्लेटफार्म नंबर 5 और 6 के यात्रियों की सुगमता के लिए निर्माण कराने, पश्चिम तरफ स्थित माल गोदाम को
हटाकर पुरानी जगह करने तथा ओवरब्रिज को पश्चिम तरफ बढ़ने के साथ ही यात्री सुविधा के लिए एक ट्रेन पटना होते हुए
गया तक चलाने की मांग की गई।
इतना ही नहीं आनंदनगर से नौतनवां के लिए एक ट्रेन और चलाये जाने की मांग के साथ ही साथ लेहड़ा रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों के ठहराव को लेकर लोगों ने महाप्रबंधक से अनुरोध किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ डीआरएम गौरव अग्रवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अभय गुप्ता, प्रमुख इंजीनियरिंग विभाग नीलमणि, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधन तथा सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक ओपी त्रिपाठी, एलएस पुरुषोत्तम, टीटीआई जेपी सिंह, दयाशंकर दूबे, जीसीआई जितेंद्र कुमार, टीआई उमाकांत सिंह, आरपीएफ इंचार्ज विजय कुमार, जीआरपी इंचार्ज राज कुमार सहित बड़ी संख्या में विभागीय लोग मौजूद रहे।






