बारात आने से पहले रफूचक्कर हुआ दूल्हा, मां-बेटी सदमें में, परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां कस्बे के एक वार्ड में उस समय मातम पसर गया जब शादी की सारी तैयारियों के बीच यह सूचना मिली कि दूल्हा बारात लाने के बजाय किसी और लड़की के साथ रफूचक्कर हो गया। इस खबर से वधू पक्ष में कोहराम मच गया। इस खबर की जानकारी के बाद दुल्हन तथा उसकी मां को गहरा सदमा लगने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

 

जानकारी के अनुसार, नौतनवां कस्बे की एक युवती की शादी कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम हरैया पंडित, पोस्ट लालपुर, कोल्हुई, जनपद महाराजगंज के मोहम्मद अशरफ के साथ तय हुई थी। घर पर शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थी। भोजन, बारात के स्वागत और विदाई की सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थी । लेकिन जब बारात आने की बात आयी तो खबर आई कि दूल्हा किसी अन्य लड़की को लेकर रफूचक्कर हो गया।

इस खबर से दुल्हन पक्ष पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। खासतौर पर लड़की और उसकी मां को इतना गहरा सदमा लगा कि उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें नौतनवां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लड़की पक्ष आर्थिक रूप से कमजोर होते हुए भी शादी की तैयारियों में कोई कमी नहीं रखना चाहता था, लेकिन दूल्हे की इस हरकत ने उनकी सारी खुशियों पर पानी फेर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और संवेदना का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!