नौतनवां कस्बे में डॉक्टर और उनके बेटे की जानकारी जुटा रही पुलिस
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित महराजगंज जिले का नौतनवां कस्बा एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला अवैध धर्मांतरण और अंतर्राष्ट्रीय साजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। लखनऊ की एक पीड़िता के बयान के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने छांगुर बाबा गैंग और उससे जुड़े संदिग्धों की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने दावा किया है कि महराजगंज जिले के नौतनवां कस्बे में रहने वाले डॉक्टर अब्बू अरेरा अंसारी और उनके पुत्र अमित उर्फ आमिर अंसारी, स्वयं को हिंदू बताकर सीमावर्ती जनपदों और नेपाल तक की हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाते हैं। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर छांगुर बाबा के धर्मांतरण केंद्र में ले जाकर जबरन धर्म परिवर्तन करवाया जाता है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि यह गिरोह भारत को इस्लामी राष्ट्र बनाने की बात करता है और हिंदू धर्म के खिलाफ सुनियोजित साजिश रचता है। इस खुलासे के बाद महराजगंज पुलिस सतर्क हो गई है और आरोपियों की पृष्ठभूमि, संपर्क सूत्र और गतिविधियों की गहराई से जांच की जा रही है।

सूत्रों की मानें तो पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि क्या इस गिरोह को विदेशी फंडिंग प्राप्त हो रही है। इन पहलुओं की जांच के लिए खुफिया विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो यह मामला धार्मिक कट्टरता और राष्ट्रीय सुरक्षा से सीधे तौर पर जुड़ सकता है।
बता दें कि नौतनवां कस्बे की भौगोलिक स्थिति नेपाल सीमा के बेहद निकट है, जिससे सीमा पार नेटवर्क की संभावना भी प्रबल मानी जा रही है। पुलिस द्वारा छांगुर बाबा और उससे जुड़े अन्य व्यक्तियों की सीमा पार गतिविधियों और धार्मिक केंद्रों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।


