उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज ! नौतनवां तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत रतनपुर में रोहिन नदी पर 148 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे डिजिटल बैराज का आज विधायक नौतनवां ऋषि त्रिपाठी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर अधिशासी अभियंता विनोद कुमार वर्मा और अधीक्षण अभियंता आलोक कुमार से बैराज की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बता दें कि रोहिन नदी से निकलने वाली मुख्य नहर लक्ष्मीपुर ब्लॉक को जोड़ती है, जिससे चार माइनर और एक रजवाहा निकाला गया है। इस 45.363 किमी लंबी नहर के माध्यम से हजारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा, जिससे उनकी कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। बैराज का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे।
परियोजना पूरी होने के बाद जल प्रबंधन और सिंचाई प्रणाली को डिजिटल तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे किसानों को समय-समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।
डिजिटल बैराज के अवलोकन के दौरान प्रमुख रूप से ब्लॉक प्रमुख नौतनवां राकेश कुमार मद्धेशिया, भाजपा नेता प्रदीप सिंह, प्रदीप पांडे सहित सिंचाई विभाग से जुड़े तमाम अधिकारीगण मौजूद रहे।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया और जल्द से जल्द किसानों को इसका लाभ मिलने की बात कही।