उमेश चन्द्र त्रिपाठी
झापा, नेपाल! क्षितिज नाट्य प्रतिष्ठान झापा द्वारा निर्मित झापा नाटक घर में इन दिनों नाटकों के प्रति दर्शकों की रुचि बढ़ती जा रही है। झापाली कलाकारों के अथक प्रयासों से निर्मित यह नाटक घर अब स्थानीय विद्यालयों के छात्रों के लिए नाट्य शिक्षा का प्रयोगशाला कक्ष और एक ऑडियो-विजुअल केंद्र बन गया है।

इस बात की जानकारी क्षितिज नाट्य प्रतिष्ठान नेपाल के केंद्रीय अध्यक्ष और झापा नाटक घर के निर्माण परिकल्पनाकार माधव कल्पित ने दी।
‘परिबन्ध’ नाटक के सफल मंचन के बाद ‘मुक्तिको बाटो’ का आयोजन
माधव कल्पित के निर्माण परिकल्पना और गजेन्द्र पृथक के लेखन-निर्देशन में आधारित नाटक ‘परिबन्ध’ का एक महीने तक सफल मंचन हुआ, जिसे 15,000 से अधिक दर्शकों ने देखा। इसके तुरंत बाद, इकम कॉलेज, बिर्तामोड के छात्रों की मांग पर 25 जनवरी, शुक्रवार को ‘मुक्तिको बाटो’ नाटक का मंचन किया गया।
‘मुक्तिको बाटो’ ने दिया नशामुक्ति का संदेश
प्रथम मिस मेची और मिस ग्रैंड झापा 2016 की विजेता समीक्षा खतिवड़ा द्वारा प्रस्तुत एकल नाटक ‘मुक्तिको बाटो’ ने दर्शकों को भावुक कर दिया। लगभग 30 मिनट लंबे इस नाटक ने यह दिखाया कि किशोर एवं युवा कैसे गलत संगति में आकर नशे के दलदल में फंस जाते हैं और अंततः उनका जीवन नष्ट हो जाता है। नाटक ने दर्शकों को जागरूक किया कि नशे से बचाव के लिए समय रहते परिवार और स्वयं किशोरों को सतर्कता बरतनी होगी।

झापा में छात्रों के बीच चेतना जगाने की पहल
माधव कल्पित द्वारा लिखित और निर्देशित इस नाटक में समीक्षा खतिवड़ा की सोलो परफॉर्मेंस थी। नाट्य प्रतिष्ठान के कार्यकारी निर्देशक राज कुमार भट्टराई ने बताया कि इस नाटक ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सतर्क किया है। इकम कॉलेज के प्रमुख आलोक शर्मा ने कहा कि यह नाटक विशेष रूप से छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश देने में सफल रहा है।