शांति और सौहार्द का संदेश लेकर भैरहवां से निकली रैली पहुंची भारतीय सीमा से सटे बेलहिया बॉर्डर

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

भैरहवा नेपाल!
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नेपाली क्षेत्र बेलहिया में शुक्रवार सुबह एक विशेष शांति और सद्भाव रैली का आयोजन किया गया। यह रैली भैरहवां कस्बे से शुरू होकर सोनौली बॉर्डर से सटे बेलहिया पहुंची। रैली का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित करना था।

शांति सद्भाव रैली में मुख्य रूप से लुंबिनी प्रेस क्लब रूपंदेही, नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ लुंबिनी प्रदेश, सिद्धार्थ उद्योग वाणिज्य संघ रूपंदेही, चैंबर ऑफ कॉमर्स रूपंदेही, सिद्धार्थ संजाल रूपंदेही, सिद्धार्थ सार्वजनिक यातायात प्रा0 लिमिटेड, नेपाल भंसार एजेंट संघ सिद्धार्थ नगर रूपंदेही सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों के हाथों में “शांति बनाए रखें”, “भाईचारा जिंदाबाद” और “सद्भाव से ही समाधान” जैसे संदेश लिखे पोस्टर और बैनर थे, जो पूरे माहौल को सकारात्मक ऊर्जा से भर रहे थे।

रैली में शामिल लोगों ने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या उकसावे में न आएं और हर हाल में क्षेत्र में शांति बनाए रखें।

उल्लेखनीय है कि नेपाल में जेन जी आंदोलन के चलते कई हिस्सों में कर्फ्यू और निषेधाज्ञा लागू है। इसी के मद्देनजर, आम नागरिकों ने अब स्वयं शांति बहाली की पहल शुरू की है। यह रैली उसी दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।

स्थानीय नगरवासियों का मानना है कि संवाद और सौहार्द ही किसी भी सामाजिक संकट का सबसे मजबूत समाधान है। रैली ने न सिर्फ लोगों को एकजुट किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि आम जनता यदि चाह ले, तो समाज में शांति और समरसता को मजबूती से कायम रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!