छोटी रोहिन नदी के पुनर्जीवन का कार्य हुआ शुभारंभ, विधायक ऋषि त्रिपाठी, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने उठाया फावड़ा,किया श्रमदान 

नदियों के पुनर्जीवन से पर्यावरणीय संतुलन कायम होगा- ऋषि त्रिपाठी विधायक 

यह योजना मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में से एक- संतोष कुमार शर्मा जिलाधिकारी 

छोटी रोहिन नदी को साल भीतर उसके मूल स्वरूप में लाना ही हमारा लक्ष्य – अनुराज जैन मुख्य विकास अधिकारी 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज! मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश भर में लुप्त हो चुकी नदियों को पुनर्जीवित करने का अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को महराजगंज जिले की नौतनवां तहसील अंतर्गत लुप्त प्राय छोटी रोहिन नदी के पुनर्जीवन का कार्य भव्य तरीके से शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने संयुक्त रूप से नदी तट पर वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह भागीरथ प्रयास केवल जल संरक्षण का ही नहीं, बल्कि लोक संस्कृति और प्राकृतिक धरोहरों के पुनर्जीवन का भी अभियान है। उन्होंने कहा कि नदियों के पुनर्जीवन से पर्यावरणीय संतुलन कायम होगा और कृषि, पशुपालन सहित अन्य ग्रामीण आजीविका को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने तटवर्ती गांवों के लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में पूर्ण सहयोग दें और नदी को पुनः जीवित करने में अपनी भूमिका निभाएं।

 

 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि यह योजना मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में शामिल है। नदी से निकली गाद की सफाई, चौड़ीकरण और किनारों पर वृक्षारोपण जैसे कार्यों को मनरेगा योजना के अंतर्गत क्रियान्वित किया जाएगा, जिससे करीब 57,962 मानव दिवस सृजित होंगे। इससे जहां एक ओर नदी को नया जीवन मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि आगामी एक वर्ष में छोटी रोहिन नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जाए। उन्होंने बताया कि नदी की कुल लंबाई 19 किमी है, जो लक्ष्मीपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत टेढ़ी दशरथपुर से शुरू होकर कजरी, लालपुर, कल्याणपुर, भगवानपुर, बसंतपुर, रघुनाथपुर होते हुए जलालगढ़ तक जाती है।

इस मौके पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा नदी पुनर्जीवन के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

यह अभियान महराजगंज जनपद में जल संरक्षण और पर्यावरणीय सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में आमजन को स्थायी लाभ प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!