सार
यूपी में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है। शासन ने 6 डीआईजी समेत 14 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें से कुछ अधिकारियों को पदोन्नति के बाद उनके वर्तमान कार्यस्थल पर ही नई नियुक्ति दी गई है। वहीं कुछ पीपीएस अधिकारियों को भी आईपीएस में पदोन्नति के बाद एसपी के पद पर तैनात किया गया है।
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ! पुलिस विभाग में तबादलों का सिलसिला जारी है। शासन ने छह डीआईजी समेत 14 और आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। डीजीपी मुख्यालय ने तबादला सूची जारी की है। इनमें नए वर्ष में पदोन्नति पाने वाले 14 अधिकारियों को उनके कार्यस्थल पर ही नई नियुक्ति प्रदान की गई है।
इनमें एसपी से डीआईजी के पद पर प्रोन्नत हुए 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह, 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार, डा.अरविंद चतुर्वेदी, दिनेश सिंह, अरविंद कुमार मौर्य व सुभाष चन्द्र शाक्य के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा पीपीएस संवर्ग से आईपीएस संवर्ग में पदोन्नति पाने वाले आठ अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें समीर सौरभ, मु.इरफान अंसारी, रश्मि रानी, लक्ष्मी निवास मिश्रा, राजेश कुमार श्रीवास्तव, विश्वजीत श्रीवास्तव, अमृता मिश्रा व मायाराम वर्मा को भी उनके तैनाती स्थल पर ही एसपी के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।
एक दिन पहले 17 आईपीएस अधिकारियों का हुआ था तबादला
एक दिन पहले प्रदेश सरकार ने आठ जिलों के पुलिस कप्तान सहित 17 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया था। इनमें मीरजापुर, लखीमपुर खीरी, सुलतानपुर, मैनपुरी, बस्ती, कन्नौज, अमरोहा व भदोही जिले शामिल हैं। यहां नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती हुई है। छह आईपीएस अधिकारी ऐसे हैं, जिन्हें एक जिले से हटाकर दूसरे जिले में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
31 दिसंबर को पुलिस महानिदेशक सीबीसीआईडी के पद से एसएन सावंत की सेवानिवृत्ति के बाद से रिक्त हुआ पद अब दीपेश जुनेजा को दे दिया गया है। उनके पास डीजी अभियोजन के साथ-साथ डीजी सीबीसीआईडी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
पिछले दिनों डाॅ. संजीव गुप्ता का अपर पुलिस महानिदेशक/सचिव गृह से अपर पुलिस महानिदेशक स्थापना के साथ-साथ अपर पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिदेशक के जीएसओ पर किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है।
11 आईएएस अधिकारियों का भी तबादला
शासन ने सचिवालय में तैनात आईएएस अधिकारियों में फेरबदल के बाद अब कानपुर व आजमगढ़ के मंडलायुक्त समेत 11 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के प्रमुख सचिव और महानिरीक्षक निंबधन पद का दायित्व अलग-अलग देने के बजाए अब अमित गुप्ता को सौंपा गया है।
अमित अब तक कानपुर के मंडलायुक्त पद का दायित्व संभाल रहे थे। चूंकि मंगलवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है इसलिए माना जा रहा है कि अब कई जिलाधिकारियों के भी तबादले हो सकते हैं।