मनोज कुमार त्रिपाठी
रुपन्देही , नेपाल ! रुपन्देही जिले के सिद्धार्थनगर नगरपालिका-५, मैत्रीपथ (भैरहवां) स्थित गार्डेन ऑफ ड्रिंक्स (जीओडी) रेस्टोरेंट में बीती रात चोरी की घटना हुई।

रेस्टोरेंट के संचालक रमेश कांडू ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में रात 12:20 बजे चोरी की घटना कैद हुई है। लगभग 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने रेस्टोरेंट के मुख्य गेट का ताला तोड़कर काउंटर खोला और उसमें रखा करीब एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिया।

सुबह 9 बजे जब कर्मचारी रेस्टोरेंट पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिली। गेट पर टूटा हुआ ताला लटका हुआ मिला। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
गार्डेन ऑफ ड्रिंक्स (जीओडी) रेस्टोरेंट 2081 मंसिर से संचालन में है और यहां 14 कर्मचारी कार्यरत हैं।

रुपन्देही चेम्बर ऑफ कॉमर्स (उद्योग व्यापार संगठन, रुपन्देही) की महासचिव एवं प्रवक्ता लक्ष्मी अधिकारी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मांग की है कि दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर पुलिस-प्रशासन उन्हें कानूनी दायरे में लाए।




