पुंरदरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरा, आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! जनपद के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर में निर्माणाधीन ब्रिज का पुल सोमवार की अर्धरात्रि में अचानक भरभरा कर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में पुल निर्माण में कार्यरत आधा दर्जन से अधिक मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र मे अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुरन्दरपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी फरेंदा भेजवाया। घायलों में योगेश पुत्र पूरन सिंह (25 वर्ष), योगेश कुमार पुत्र मंगल सिंह (24 वर्ष), अनिल पुत्र रविन्द्र सिंह (20 वर्ष), सुरेंद्र पुत्र पूरन सिंह (22 वर्ष), बालकृष्ण पुत्र भोला (30 वर्ष, निवासी हाथरस), टिंकू पुत्र राजवीर (30 वर्ष), लोनी पुत्र वीरेंद्र (30 वर्ष) और धर्मपाल पुत्र धारू पाल (35 वर्ष, निवासी बदायूं) शामिल हैं।

चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया गया है कि इस पुल का निर्माण कार्यदायी संस्था पीएनसी द्वारा कराया जा रहा था। हादसे के बाद एक बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या पुल निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही थी? फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों और मजदूरों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्रशासन और निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों द्वारा जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!