लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पीजी कॉलेज में तीन दिवसीय मार्शल आर्ट ट्रेनिंग कार्यक्रम
जब तक बेटियां मजबूत नहीं होंगी तब तक हम समाज के मजबूती की परिकल्पना नहीं कर सकते- डॉ. राम पाण्डेय
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
फरेंदा महराजगंज! मिशन शक्ति के पंचम चरण 5.0 के तहत लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पीजी कॉलेज आनंदनगर, महराजगंज की छात्राओं को तीन दिवसीय मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण में छात्राओं को आत्म सुरक्षा के गुण सिखाए गए। किसी भी संकट में अपनी सुरक्षा किस प्रकार करना है इसके लिए उन्हें टिप्स दिए गए।
मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण देते हुए प्रशिक्षक बलराम गौड़ ,सीफू फिरोज एवं शहबाज ने छात्राओं को बताया कि कभी भी किसी भी परिस्थिति में अपने को कमजोर नहीं आंकना है। इसके लिए प्रशिक्षकों ने उन्हें अलग-अलग स्थितियों में अपनी सुरक्षा के लिए अलग-अलग तरीके का प्रशिक्षण दिया ।
तीन दिवसीय मार्शल आर्ट आत्मरक्षा कार्यशाला के तीसरे दिन समापन सत्र में मुख्य प्रशिक्षक सीफू फिरोज ने छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए हमले और बचाव की तकनीकी के अन्तर्गत हाथ और पैर से वार करना, पंच, लात, कोहनी और घुटनों का उपयोग, ब्लॉक करना तथा ताइक्वांडो आदि का प्रशिक्षण दिया l
समापन के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम पाण्डेय ने कहा कि आज के समय में समाज में नए-नए तरह के अपराध हो रहे हैं। इसलिए जरूरत इस बात की है कि छात्राओं को इसके लिए सजग रहना होगा। अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। इसके लिए यह प्रशिक्षण उनके जीवन में काम आएगा। जब तक बेटियां मजबूत नहीं होंगी तब तक हम समाज के मजबूती की परिकल्पना ही नहीं कर सकते। छात्राओं को किसी भी संकट की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए इस प्रशिक्षण में सभी को प्रतिभाग करना चाहिए l छात्राओं को डायल 112, महिला पावर हेल्प लाइन 1090, साइबर हेल्प लाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई l
मिशन शक्ति की प्रभारी डॉक्टर तृप्ति त्रिपाठी , डॉक्टर प्रीति यादव, डॉक्टर सोनी कुमारी एवं डॉक्टर अर्चना दीक्षित ने भी छात्राओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण में आत्म सुरक्षा के बारे में बताया।

इस अवसर पर प्रशिक्षक बलराम गौड़, शहबाज, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. फैजान अशरफ, डॉ. जितेंद्र प्रसाद बृजेश कुमार वर्मा गणेश कुमार पाठक इत्यादि लोग मौजूद रहें l












