राष्ट्रीय एकता दिवस पर थाना सोनौली में “एकता दौड़” का आयोजन – छात्रों व पुलिस बल ने दिया एकता का संदेश

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

सोनौली महराजगंज! राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को थाना सोनौली परिसर में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में “एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया।

इस दौड़ में थाना सोनौली के पुलिस बल के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकता दौड़ सेंट जेवियर्स स्कूल से प्रारंभ होकर सोनौली के राष्ट्रीय राजमार्ग तक निकाली गई, जहां प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।

इस अवसर पर सोनौली थाना कोतवाली प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज में आपसी भाईचारा और एकता बनाए रखनी चाहिए।”

दौड़ में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरण कर राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं
दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!