24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
एंटी रोमियो स्क्वाड की सख्त कार्रवाई
मनोज कुमार त्रिपाठी
गोरखपुर! गोरखपुर जिले के गोला क्षेत्र में छात्रा से छेड़खानी का एक मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। कोचिंग पढ़ने जा रही एक छात्रा का युवक ने हाथ पकड़कर उसे गली के अंदर खींचने का प्रयास किया। छात्रा ने साहस दिखाते हुए झटके से अपना हाथ छुड़ाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घटना 16 जनवरी की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गोला नगर पंचायत क्षेत्र में दो छात्राएं कोचिंग जा रही थीं, तभी पीछे से आए युवक ने एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन गली में खींचने लगा। छात्रा कुछ पल के लिए घबरा गई, लेकिन हिम्मत जुटाकर उसने हाथ छुड़ाया और वहां से भाग निकली। दूसरी छात्रा भी घबराकर वहीं रुक गई, जबकि आरोपी युवक दूसरे रास्ते से फरार होता दिखाई दिया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। एंटी रोमियो स्क्वाड ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से मुखबिरों का सहारा लेकर आरोपी को रविवार को गोला क्षेत्र से पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम, निवासी गोला बताया और अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस हिरासत में आरोपी युवक पहले अकड़ दिखाता नजर आया, लेकिन सख्ती के बाद वह हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा और दोबारा ऐसी गलती न करने की बात कही।
एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की तत्परता और सख्ती की सराहना की। घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों में संतोष देखा गया।
फिलहाल आरोपी युवक के खिलाफ वीडियो साक्ष्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार अभी तक पीड़ित छात्रा या उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस स्वयं संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा, और इस तरह की घटनाओं में दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।






