उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नई दिल्ली! दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजे 11 दिन पहले आ गये थे। आज बुधवार को आखिरकार दिल्ली के सीएम का ऐलान हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री चुन लिया है।
केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली के लिए नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। बुधवार की शाम को भारतीय जनता पार्टी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली में विधायक दल का नेता चुन लिया।
बता दें कि भाजपा ने सीएम के नाम का फैसला करने के लिए रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ के रूप में दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों को नियुक्त किये था। इसके बाद बुधवार की शाम को रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा की गई और इसके साथ ही उनका नाम दिल्ली की अगले मुख्यमंत्री के रूप में तय हो गया।
रेखा गुप्ता वर्तमान में केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29595 वोटों से चुनाव हराया था। हरियाणा में जन्मी रेखा गुप्ता की उम्र 50 वर्ष है। उनका जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में में हुआ था। जानकारी के मुताबिक, रेखा गुप्ता का परिवार साल 1976 में दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। उनके पति का नाम मनीष गुप्ता है। रेखा गुप्ता ने एलएलबी किया है और वह पेशे से वकील भी हैं।
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता की राजनीतिक यात्रा 1996 से 1997 तक दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की अध्यक्ष के रूप में शुरू हुई। बाद में उन्होंने नगर निगम की राजनीति में प्रवेश किया। साल 2007 में पीतमपुरा वार्ड नंबर 54 से दिल्ली पार्षद चुनाव जीता और 2012 में फिर से चुनाव जीता। उन्होंने दक्षिण दिल्ली नगर निगम के मेयर का पद भी संभाला था। भारतीय जनता पार्टी ने रेखा गुप्ता को साल 2015 और 2020 दोनों विधानसभा चुनाव में भी रेखा गुप्ता को दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से टिकट दिया था। हालांकि, दोनों चुनाव में वंदना कुमारी ने उन्हें मात दी थी। हालांकि, साल 2025 के चुनाव में रेखा गुप्ता ने आखिरकार आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को भारी मतों से चुनाव हराया और अब वह दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गईं।