रूपनदेही-3 से राधेश्याम गुप्ता को समर्थन की अपील, बोले प्रभु साह – जनता के साथ रहेंगे नेता
मनोज कुमार त्रिपाठी
रूपनदेही।
आम जनता पार्टी ने रूपनदेही संसदीय क्षेत्र नंबर तीन से राधेश्याम गुप्ता को प्रत्याशी घोषित किया है। प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आम जनता पार्टी का दावा है कि यह चुनाव नए चेहरे, नई सोच और सिस्टम सुधार के लिए लड़ा जा रहा है।

पूर्व मंत्री प्रभु साह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आम जनता पार्टी जनता के वास्तविक मुद्दों के साथ मैदान में उतरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के एजेंडे में विकास, श्रमजीवी वर्ग के अधिकार, राष्ट्रीयता और सुशासन सर्वोपरि हैं।
प्रभु साह ने पुराने राजनीतिक दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा,
“कुछ दल समाजवाद की बात सिर्फ कागजों में करते हैं, लेकिन अगर वास्तविक समाजवाद देखना है तो हमारे अध्यक्ष के जिले में जाकर देखिए। वहाँ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं जनता को मुफ्त में दी गई हैं और किसी पर अनावश्यक कर का बोझ नहीं है।”
उन्होंने कहा कि इसी मॉडल को रूपनदेही क्षेत्र नंबर तीन में लागू करने के उद्देश्य से पार्टी ने प्रत्याशी उतारा है।
“जनता से दूरी ही पुराने नेताओं की सबसे बड़ी कमजोरी”
क्षेत्र में जनता की नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रभु साह ने कहा कि
“यह सच्चाई है कि कई नेता चुनाव जीतने के बाद जनता के बीच दिखाई नहीं देते। फोन तक नहीं उठाते। इसी वजह से आज जनता एक नए चेहरे की तलाश में है।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि आम जनता पार्टी को जनता का समर्थन मिला, तो राधेश्याम गुप्ता हमेशा जनता के बीच रहेंगे, उनके सुख-दुख में साथ खड़े होंगे और नीतियां जनता की सामूहिक राय से बनाई जाएंगी।
सीमा, एयरपोर्ट और व्यापार पर भी पार्टी का फोकस
पूर्व मंत्री ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को गिनाते हुए कहा कि गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अब तक पूरी तरह संचालित नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र का विकास बाधित हुआ है।
साथ ही सीमा क्षेत्र में तस्करी और सुरक्षा चुनौतियों के कारण स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि
“रूपनदेही के व्यापारी मजबूरी में भारत के सोनौली बॉर्डर जाकर व्यापार कर रहे हैं। इस स्थिति को बदलना हमारी प्राथमिकता है।”
इसके अलावा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, शिक्षा–स्वास्थ्य–रोजगार को विशेष प्राथमिकता देने का भी वादा किया गया।
जेएनजी आंदोलन पर बड़ा बयान
जेएनजी आंदोलन को लेकर प्रभु साह ने कहा कि
23 तारीख का आंदोलन भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ पूरी तरह जायज था, लेकिन बाद में उस आंदोलन को कुछ ताकतों ने हाईजैक कर लिया।
उन्होंने कहा,
“असली आंदोलनकारी आज भी सड़क पर हैं, जबकि सत्ता में नकली लोग बैठे हैं। युवाओं की मांग भ्रष्टाचार मुक्त नेपाल और सुशासन थी, लेकिन उसे भटका दिया गया।”
उन्होंने यह भी कहा कि
“इस समस्या का समाधान सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि सिस्टम सुधार है।”
“राधेश्याम गुप्ता क्षेत्र के विकास के लिए उपयुक्त चेहरा”
पूर्व मंत्री प्रभु साह ने प्रत्याशी राधेश्याम गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि वे
नेपाल के बदलाव, विकास और समृद्धि के लिए लगातार योगदान देने वाले प्रभावशाली वामपंथी नेता हैं।
उन्होंने जनता से अपील की कि
“लुंबिनी क्षेत्र नेपाल की ऐतिहासिक और आस्था की भूमि है। इसके गौरव और विकास के लिए राधेश्याम गुप्ता को समर्थन दें और आम जनता पार्टी के मिशन को सफल बनाएं।”












