दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 11 केजी ड्रग्स के साथ महिला गिरफ्तार

सार 

हाल ही में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कस्टम अधिकारियों ने करोड़ों की कीमत के नशीले पदार्थ को जब्त किया है।

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नई दिल्ली! ड्रग्स तस्करी को लेकर कस्टम विभाग को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने करोड़ों की कीमत का गाजा (मारिजुआना) जब्त किया है। अधिकारियों ने एक काले रंग के ट्रॉली बैग में छिपाकर लाए गए संदिग्ध हरे रंग के बैग से नशीले पदार्थ को पकड़ा, जो कुकीज और चावल के पैकेटों में छिपाया गया था।

कस्टम विभाग के अधिकारियों ने संदेह के आधार पर एक महिला यात्री को चेक किया। उक्त महिला यात्री बैंकॉक से फ्लाइट नंबर TG-323 से दिल्ली के टर्मिनल-3 पर उतरा था। हवाई अड्डे पर उसने ग्रीन चैनल से निकलने की कोशिश की, लेकिन कस्टम अधिकारियों ने उसके बैग की एक्स-रे जांच की।

 

 

जांच के दौरान काले रंग के ट्रॉली बैग से आठ कुकीज और चावल के पैकेट मिले, जिनमें हरे रंग का संदिग्ध नशीला पदार्थ था। इसका कुल वजन 11,284 ग्राम था। जब्त किए गए पदार्थ की प्रारंभिक जांच में इसके गांजा (मारिजुआना) होने की पुष्टि हुई। जब्त ड्रग्स की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब ₹ 11.28 करोड़ आंकी गई है। कस्टम के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि ड्रग्स के साथ गिरफ्तार महिला उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली है। गिरफ्तार महिला यात्री से पूछताछ जारी है। 

बता दें कि हाल ही में इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम की टीम ने कोकीन की तस्करी के 2 बड़े मामलों का खुलासा किया। कस्टम की टीम ने एक महिला समेत 2 विदेशी ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 28 करोड़ रुपये की 1862 ग्राम कोकीन बरामद की। कस्टम इंटेलिजेंस की टीम ने 24 जनवरी को नारकोटिक्स पदार्थ निगल कर लाने के शक में दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर एक केन्याई नागरिक को उस वक्त पकड़ा था, जब वो ग्रीन चैनल पार कर एग्जिट गेट की तरफ बढ़ रहा था। उसके संदिग्ध व्यवहार के आधार पर कस्टम की टीम उसे गहन जांच के लिए ले गई, जहां सख्ती से पूछताछ में उसने भारी मात्रा में कोकीन भरे कैप्सूल निगल कर लाने की बात बताई।

बीते दिनों मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने एअर इंडिया और इंडिगो की अलग-अलग फ्लाइट्स से बैंकॉक से आए 4 भारतीय यात्रियों के पास से 13,923 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया था। इस जब्त किए गए ड्रग्स की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 13.92 करोड़ रुपये आंकी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!