गर्मी से तड़पते महाराजगंज में पूर्व चेयरमैन को नहलाया गया कीचड़ से!
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महाराजगंज!
जहां मौसम विभाग की भविष्यवाणी फेल हो गई, वहीं नौतनवां की महिलाओं ने मौसम को मनाने की एक अनोखी तरकीब निकाल ली! भीषण गर्मी और सूखे आसमान से परेशान महिलाओं ने कजरी गीतों की धुन पर बारिश की गुहार लगाते हुए भाजपा नेता और पूर्व चेयरमैन गुड्डू खान को सरेआम कीचड़ और पानी से नहला दिया!
अब आप सोच रहे होंगे कि नेता जी का क्या कसूर?
तो जनाब, कसूर नहीं पर परंपरा जरूर है!
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, जब धरती तपने लगे और बारिश रूठ जाए, तो गांव के प्रमुख व्यक्ति को पानी और कीचड़ से नहलाया जाता है ताकि इंद्रदेव प्रसन्न हों और बादलों को बरसने का आदेश दें।
इस मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीतों के साथ पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया और नेता जी भी पीछे नहीं हटे। उन्होंने मुस्कराते हुए पूरे “गिलोय ट्रीटमेंट” को सहर्ष स्वीकार किया।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन मोहम्मद कलीम उर्फ गुड्डू खान ने कहा कि यह एक पुरानी लोक परंपरा है। जब बारिश नहीं होती थी, तब बड़े-बुजुर्ग इस तरह इंद्रदेव को मनाते थे। मुझे गर्व है कि मैंने इस परंपरा में हिस्सा लिया। अब तो बस बादलों का इंतजार है!
स्थानीय लोग भी आशावादी हैं। उनका कहना है कि “हर साल जब यह परंपरा निभाई जाती है, कुछ ही दिनों में बारिश शुरू हो जाती है। इसीलिए अब सबकी निगाहें आसमान पर हैं और उम्मीदें इंद्रदेव से जुड़ी हुई हैं।
जहां आधुनिक तकनीक भी कभी-कभी मौसम को नहीं समझा पाती, वहीं नौतनवां की यह देसी जुगाड़ शायद काम कर जाए!

