सार
योगी आदित्यनाथ सरकार सीमा सुरक्षा, कानून व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता पर खासतौर से फोकस कर रही है। इस कड़ी में प्रशासन की ओर से यूपी के कई जिलों में बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है।
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ महराजगंज! उत्तर प्रदेश में भारत-नेपाल सीमा पर योगी सरकार का एक्शन मंगलवार को भी जारी रहा।
इस दौरान इस इलाके में मौजूद सैकड़ों अवैध कब्जों को हटाया गया। बहराइच, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और श्रावस्ती में बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया, जिसमें कई बिना मान्यता वाले मदरसों को हटाया गया तो वहीं अवैध रूप से बनाए गए धार्मिक स्थलों को भी बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया।
योगी आदित्यनाथ सरकार सीमा सुरक्षा, कानून व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता पर खासतौर से फोकस कर रही है। इस कड़ी में प्रशासन की ओर से ये कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को बहराइच की तहसील नानपारा और मिहींपुरवा में अभियान चलाया गया. अब तक कुल 117 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। मोतीपुर क्षेत्र में एक मदरसा ‘दारूल उलूम अजीजिया हदीकतुल नोमान’ को सील किया गया। इससे पहले 28 अप्रैल को चार और मदरसों पर इसी तरह की कार्रवाई हुई थी।

बलरामपुर में 20 मदरसे बंद
बलरामपुर जिले में जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जांच में 20 मदरसे मानक विहीन पाए गए थे। इनमें से किसी के पास मान्यता के अभिलेख नहीं थे, तो किसी में निर्धारित पाठ्यक्रम तक नहीं चल रहा था। इसके बाद इन सभी पर भी कार्रवाई करते हुए बंद कर दिया गया है। यही नहीं, दो अन्य मदरसों को भी नोटिस जारी किया गया है और इन पर भी अभिलेख न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धार्थनगर जिले में 3 मस्जिदों और 14 मदरसों को अवैध रूप से निर्मित पाया गया है। प्रशासन ने 28 अप्रैल को नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही महाराजगंज और श्रावस्ती में भी कार्रवाई की गई। इस दौरान महाराजगंज के नौतनवां, फरेंदा और निचलौल में कुल 29 अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। श्रावस्ती में 33 मदरसों को सील और एक मस्जिद को हटाया गया है। ग्राम भरथा रौशनगढ़ में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। वहीं महराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र अंतर्गत गेड़हवा, ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर और सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हरदी डाली गांव में प्रशासन ने मदरसों और मजार पर बुल्डोजर की कार्रवाई की है।

